चंडीगढ़-मनाली मुख्य मार्ग पर आज सुबह 4 बजे सडक़ दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहन।संवाद
हिमाचल में घूमने निकले थे उत्तर प्रदेश निवासी दंपती
सड़क हादसे ने खुशियों को गम में बदला
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नेशनल हाईवे चंडीगढ़-मनाली मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह चार बजे के करीब भयानक सड़क दुर्घटना हुई। हादसे में कार चकनाचूर हो गई और एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई जबकि चार घायल हो गए। दो महिलाएं और तीन पुरुष कार में सवार थे। घटना का पता चलते ही स्थानीय पुलिस और गड़मौडा टोल प्लाजा से कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर घायलों और मृतक व्यक्ति को सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब में पहुंचाया। अधिकारी एएसआई खुशहाल सिंह ने बताया कि घटना का पता चलते ही मौके पर पहुंच कर घायलों की मदद कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति नीरज (30) पुत्र प्रल्हाद की मौके पर ही मौत हो गई है। मौके पर मोबाइल फोन एवं एटीएम कार्ड मिला। इसकी मदद से घायल लोगों के रिश्तेदारों से संपर्क हुआ। नीरज के अलावा उसकी पत्नी शिल्पी (21) वर्ष, साहिल (30) पुत्र विशंबर, सलोनी (20) पत्नी साहिल चारों की पहचान गांव अजयपुर जिला उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। इसके अलावा गाड़ी का चालक आशीष पुत्र घनश्याम, सुभाष कॉलोनी करनाल (हरियाणा) का रहने वाला है, जो गंभीर रूप में घायल है। इन लोगों को सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब से चंडीगढ़ मुख्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। इस हादसे में घायल शिल्पी के पति नीरज की मौके पर ही मौत हो जाने से शिल्पी पूरी तरह से टूट गई। हंसते खेलते हिमाचल प्रदेश की वादियों में घूमने की खुशी एकदम से गम में तब्दील हो गई। साहिल और सलोनी नवविवाहित जोड़ा है। दोनों दंपत्ती घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश के लिए जा रहे थे। तब यह हादसा पेश आया। चालक आशीष की हालत भी ठीक नहीं बताई जा रही है।