भरवाईं(ऊना)। भरवाईं-तलवाड़ा बाईपास पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। इस दौरान राजस्थान के अलवर से आए श्रद्धालुओं की कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान तलवाड़ा बाईपास के पास सड़क पर अचानक लावारिस गोवंश आने से चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। गोवंश को बचाने के प्रयास में कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सहायता की। कार को काफी नुकसान पहुंचा है लेकिन कार में सवार दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। श्रद्धालुओं ने इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई है। वहीं थाना प्रभारी सचित कालिया ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास कोई सूचना या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।