जेजों में खड्ड में बह रही कार को बचाते हुए स्थानीय युवा
ऊना। जिले के पोलियां बीत की सीमा से सटे पंजाब जेजों खड्ड के तेज बहाव में एक बार फिर हरोली नंबर की कार चपेट में आ गई। गनीमत ये रही कि स्थानीय लोगों की मदद से कार को कड़ी मशक्कत के बाद निकाल लिया गया। यह वही जेजों खड्ड है जहां बीते अगस्त में ऊना के देहलां एवं भटोली निवासी 12 लोगों की इनोवा कार बाढ़ में बह गई थी। हादसे को अभी एक माह भी नहीं हुआ था कि मंगलवार को यहां खड्ड में आई बाढ़ से बड़ा हादसा होने से टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार को जेजों खड्ड में बारिश के चलते पानी का बहाव तेज हो गया था। इसी बीच कई वाहन यहां रुके हुए थे कि हरोली की पंजीकृत एचपी 80-ए 7794 नंबर की कार के चालक ने जेजों में खड्ड के काज वे पर कार उतारकर आगे बढ़ने की कोशिश की। कार में स्थानीय चार लोग सवार थे। इससे पहले कि कार चालक गाड़ी को नियंत्रण कर पाता, कार तेज बहाव के बीच बहने लगी। इस पर साथ मौजूद एक अन्य गाड़ी के चालक सहित आठ युवाओं ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार को पहले तो बहने से बचाया। इसके बाद सभी सवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। जबकि कार को भी अन्य गाड़ी से बांध कर बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने यहां बचाव कार्य में जुटे युवाओं की दाद दी तो वहीं कार चालक सहित सवार लोगों को लताड़ भी लगाई। गौरतलब है कि अगस्त में देहलां एवं भटोली से करीब 12 लोग माहलपुर की ओर शादी शिरकत करने के लिए इनोवा गाड़ी में जा रहे थे। इस बीच इसी खड्ड में उनकी इनोवा बाढ़ में बह गई थी। इस हादसे में एक युवक बच गया है जबकि 11 लोगों की मौत हो गई थी। संवाद