टकारला, जसवां, ठठल समेत आठ पंचायतें नेटवर्क समस्या से जूझ रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। बड़ूही क्षेत्र से सटी आठ पंचायतों के बाशिंदे बीएसएनएल के कमजोर सिग्नल से जूझ रहे हैं। टकारला, बेहड़ जसवां, ठठल, पंजोआ, चक्सराय, चुरूडू, दियाड़ा और धुसाड़ा पंचायतों के लोगों का कहना है कि बीएसएनएल के मोबाइल नेटवर्क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। उन्हें रोजाना समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी और टकारला से सेवानिवृत्त कनिष्ठ अभियंता रमेश राणा ने बताया कि उन्होंने अपनी नौकरी के समय से बीएसएनएल की सिम इस्तेमाल की है, लेकिन अब स्थिति यह है कि सिग्नल बेहद कमजोर हो गया है। कई बार जरूरी कॉल करनी होती है तो संपर्क ही नहीं हो पाता। अगर हो भी जाए तो बात बीच में ही कट जाती है। नेट तो बिल्कुल भी नहीं चलता। क्षेत्र के कई लोगों ने हाल ही में अन्य निजी कंपनियों जैसे जिओ, एयरटेल आदि में अपना सिम कार्ड पोर्ट करवाया। अब उन्हें भी मजबूरी में दोबारा इन्हीं निजी कंपनियों की ओर लौटना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बीएसएनएल प्रशासन से मांग की है कि इन क्षेत्रों में नेटवर्क को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। विशेषकर उन बुजुर्गों और ग्रामीणों के लिए यह बहुत जरूरी है जो आज भी सरकारी सेवाओं और योजनाओं से जुड़ने के लिए बीएसएनएल का ही उपयोग करते हैं। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों से भी ग्रामीणों ने आग्रह किया कि इस समस्या को बीएसएनएल और संचार मंत्रालय तक पहुंचाया जाए ताकि जल्द से जल्द समाधान हो सके। बीएसएनएल के एसडीओ अंब नीरज शर्मा का कहना है कुछ स्थानों में जहां समस्या है, बहुत जल्द टावर लगाए जाएंगे और जल्द ही समस्या का समाधान होगा।