बडूही (ऊना)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए 4 फरवरी 2026 को पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह पेंशन अदालत सीमांत मुख्यालय, जालंधर में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी। सहायक प्रशिक्षण केंद्र खड़का से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस पेंशन अदालत में पंजाब, हरियाणा एवं हिमाचल प्रदेश के बीएसएफ सेवानिवृत्त कर्मी अपनी पेंशन से जुड़ी समस्याएं रख सकेंगे। पेंशन कम मिलने, नाम या जन्मतिथि में त्रुटि, सेवा विवरण में कमी सहित अन्य तकनीकी खामियों का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। सेवानिवृत्त कर्मी स्वयं उपस्थित होकर अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।