25 से 27 मार्च तक चंबा में आयोजित की गई थी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। स्टेट इंटर डाइट बैडमिंटन प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक जीतने वाले दो भाइयों को चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने सम्मानित किया। 25 से 27 मार्च तक चंबा में आयोजित की गई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में डूहकी के युवराज ठाकुर ने एकल और युगल श्रेणी के बैडमिंटन प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक और उसके छोटे भाई स्वराज ठाकुर ने उसके साथ मिलकर युगल श्रेणी की बैडमिंटन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किए। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने डूहकी में खिलाड़ियों के घर जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें माता की चुनरी पहनाकर सम्मानित किया। विधायक बबलू ने कहा कि ऐसे खिलाड़ी पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा हैं। सरकार की ओर से भी खेलों को बढ़ावा देने के लिए युवाओं की हर संभव मदद की जा रही है। इस मौके पर कांग्रेस नेता अतुल ठाकुर, समाजसेवी शादी लाल गोस्वामी, अधिवक्ता सौरव शर्मा, डॉ. नरेश कुमार, कुलदीप पठान, राज मिन्हास तथा रवि जस्सल मौजूद रहे।