ऑल वेदर सड़क का सपना होगा साकार, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
विभाग का दावा, समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ होगा पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। नकड़ोह-2 खड्ड पर 3.02 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यह कार्य ठेकेदार को आवंटित किया गया है। पुल के निर्माण के बाद दौलतपुर चौक से मुबारिकपुर वाया भद्रकाली सड़क ऑल वेदर हो जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों को यातायात में बड़ी राहत मिलेगी। लोक निर्माण विभाग दौलतपुर चौक डिवीजन के अधिशासी अभियंता इंजीनियर एचजी कौशल ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा। यह पुल क्षेत्र के विकास और यातायात सुगमता के लिए मील का पत्थर साबित होगा। विभाग इस बात का पूरा ध्यान रखेगा कि निर्माण कार्य में कोई कमी न रह जाए। इस पुल के निर्माण से दौलतपुर चौक, भद्रकाली और मुबारिकपुर के बीच यात्रा सुरक्षित और सुगम हो जाएगी। क्षेत्रवासियों को अब मौसम की मार और खड्ड में जलभराव की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। स्थानीय समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त इंजीनियर केजी पराशर ने सड़क की नकड़ोह–1 (कैलाश नगर) खड्ड पर निर्माणाधीन पुल तथा इस पुल के लिए सरकार और लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस पुल का निर्माण शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है और विभाग ने सभी आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।