दौलतपुर चौक (ऊना)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ (एचपीएसएलए) जिला ऊना ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला से जून माह में आयोजित अनुपूरक (कंपार्टमेंट) परीक्षाओं का परिणाम तुरंत घोषित करने की मांग की है। संघ का कहना है कि देरी से परिणाम आने पर विद्यार्थियों का एक साल बर्बाद हो जाएगा क्योंकि कॉलेज में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाएं, पुलिस व सेना की भर्तियों में भाग लेने के लिए समय पर परिणाम निकलना जरूरी है। संघ ने इसके साथ ही प्रधानाचार्यों की प्रमोशन सूची शीघ्र जारी करने की भी मांग उठाई है। वहीं, मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई डीए और बकाया राशि जारी करने की घोषणा को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा करने की अपील की है। संघ ने पे कमीशन एरियर शीघ्र जारी करने की भी मांग रखी है। संघ के प्रधान शशि सैणी और महासचिव संजीव कुमार ने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे छात्रों और शिक्षकों के हित से जुड़े हैं, इसलिए सरकार और शिक्षा बोर्ड को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।
10+2 अनुपूरक परीक्षा परिणाम आने में देरी से विद्यार्थियों का एक साल बर्बाद हो जाएगा। यह सिर्फ परीक्षा परिणाम नहीं बल्कि उनके पूरे करियर का सवाल है।
— शशि सैणी, प्रधान, एचपीएसएलए ऊना
सरकार को डीए व बकाया राशि जारी करने की घोषणा स्वतंत्रता दिवस पर पूरी करनी चाहिए और पे कमीशन एरियर भी तुरंत जारी किए जाए।
— संजीव कुमार, महासचिव, एचपीएसएलए ऊना