कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए दलित समाज को किया गुमराह : वीरेंद्र कंवर
कांग्रेस ने 70 वर्ष तक दलित और गरीब लोगों का किया शोषण : बलबीर चौधरी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भाजपा ऊना ने संसद में राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की ओर से भाजपा सांसदों के साथ धक्कामुक्की और कथित अभद्र व्यवहार पर शनिवार को ऊना मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर व जिला अध्यक्ष बलबीर चौधरी ने की। इसके अलावा विरोध प्रदर्शन में जिला भर से भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने संसद में भाजपा सांसदों के साथ हुए अभद्र व्यवहार की कड़ी आलोचना की। विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी व कांग्रेस की विचारधारा का पुरजोर विरोध किया। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर कांग्रेस की ओर से गृहमंत्री अमित शाह की ओर से दिए गए बयान को तोड़ मरोड़कर पेश करने का आरोप भी लगाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने इस प्रकार का कोई बयान नहीं दिया है। कांग्रेस की ओर से जो बयान वायरल किया जा रहा है, वह झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान निर्माता डॉक्टर आंबेडकर को चुनाव में हराने के लिए षड्यंत्र रचा था। अब उनके नाम पर अपनी नैया पार लगाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस ने केवल संविधान का मजाक ही नहीं उड़ाया है, बल्कि देश को आपात स्थिति में पहुंचाया है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सत्ता हासिल करने के लिए दलित समाज को गुमराह करने का काम किया है। जिला भाजपा अध्यक्ष बलबीर चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा दलित विरोधी रही है। कांग्रेस ने 70 वर्ष से अधिक समय तक दलित व गरीब लोगों का शोषण किया है। कांग्रेस हमेशा जाति व धर्म के नाम पर ही लोगों को गुमराह करती रही है। इस मौके पर भाजपा नेता सुमित शर्मा, कमल सैनी सहित अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।