बोले, बुजुर्गों और दिव्यांगों को मुश्किलों का करना पड़ रहा सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश सचिव मलकीत सिंह ने अंब में नो पार्किंग जोन के फैसले का कड़ा विरोध करते हुए इसे जनविरोधी करार दिया है। उनका कहना है कि इस निर्णय से स्थानीय दुकानदारों और आम नागरिकों के साथ-साथ बुजुर्गों और दिव्यांगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मलकीत सिंह ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि नगर पंचायत ने स्थानीय परिस्थितियों और जनभावनाओं की अनदेखी कर यह कदम उठाया है। तर्क दिया कि बिना किसी पूर्व योजना और विचार-विमर्श के लागू किए गए इस निर्णय से स्थानीय व्यापार पर बुरा असर पड़ रहा है और आम जनता को दैनिक कार्यों में अनावश्यक बाधाएं आ रही हैं। उनके अनुसार इतना महत्वपूर्ण निर्णय लेने से पहले नगर पंचायत को स्थानीय निवासियों और व्यापार मंडल के साथ चर्चा करनी चाहिए थी। व्यापार मंडल अंब के उपप्रधान अजय बिट्टू और अनिल शर्मा की उपस्थिति में मलकीत सिंह ने जिला उपायुक्त से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि नो पार्किंग ज़ोन के इस फैसले की समीक्षा की जाए और कोई ऐसा वैकल्पिक समाधान निकाला जाए जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे और आम जनता को भी राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि प्रशासन ने इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं निकाला तो भाजपा और व्यापार मंडल मिलकर जन आंदोलन शुरू करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।