बंगाणा (ऊना)। नगर पंचायत बंगाणा में बीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव को स्थगित किए जाने के विरोध में कुटलैहड़ भाजपा मंडल ने सोमवार को बंगाणा चौक पर देवेंद्र कुमार भुट्टो के नेतृत्व में रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनाव प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई। भाजपा नेता भुट्टो ने दावा किया कि बंगाणा बीडीसी में भाजपा समर्थित 14 सदस्य उनके साथ हैं और पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने की स्थिति में है तो चुनाव स्थगित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव को जानबूझकर टालकर बहुमत का अनादर किया गया है।