ऊना जिला परिषद में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों प्रमुख पदों पर कब्जा करने पर म
ऊना। जिला परिषद में भाजपा ने अपना राजनीतिक वर्चस्व स्थापित करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों प्रमुख पदों पर कब्जा कर लिया है। बुधवार को जिला परिषद भवन के सभागार में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सर्वसम्मति से संपन्न हुई। निर्वाचन के दौरान दोनों पदों के लिए सर्वसम्मति से चुनाव हुआ। 17 वार्डों वाली जिला परिषद ऊना में चुनाव प्रक्रिया में भाजपा समर्थित 12 सदस्य शामिल हुए। कांग्रेस के जिला परिषद सदस्यों ने कार्यक्रम से दूरी बनाई रखी और कोई भी जिला परिषद का सदस्य इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हुआ। अंबोटा वार्ड से निर्वाचित जिला परिषद सदस्य पवन नंबरदार को अध्यक्ष तथा अविनाश मेनन को उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव के बाद उपायुक्त जतिन लाल ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर जीत का उत्सव मनाया। जिला परिषद के गठन के साथ ही अब ग्रामीण विकास, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर नई जिम्मेदारियां भी तय हो गई हैं। दोनों के निर्विरोध निर्वाचन के बाद सभागार में मौजूद सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया। इसके साथ ही जिला परिषद का पूर्ण गठन भी हो चुका है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती तथा भाजपा के पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे। श्रीनैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा भी मौजूद रहे।