ऊना में प्रैसवार्ता के हरोली भाजपा नेता प्रो राम कुमार प्रत्रकारों को सम्बोधित करते हुए।संवा
आरोप, कांग्रेस सरकार के दौरान तय हुआ था सौदा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हरोली विस क्षेत्र में 28 करोड़ रुपये के भूमि खरीद घोटाले को लेकर भाजपा और कांग्रेस में वाकयुद्ध छिड़ गया है। भाजपा नेता प्रो. राम कुमार ने पार्टी कार्यालय ऊना में प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री पर हमला बोला और आरोप लगाया कि यह सौदा 2013-14 में कांग्रेस सरकार के दौरान हुआ, जबकि अग्निहोत्री उद्योग मंत्री थे। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री अक्सर कहते थे कि हरोली में उनके बिना कोई निर्णय नहीं लिया जा सकता, ऐसे में सवाल है कि इतनी बड़ी जमीन खरीद उनकी जानकारी के बिना कैसे हुई। राम कुमार ने सुधीर शर्मा के साथ अग्निहोत्री के करीबी संबंधों के बावजूद सौदा क्यों नहीं रोका गया, यह भी पूछा। उन्होंने दावा किया कि उद्योग विभाग के बोर्ड की एक सदस्य की जमीन भी चर्चा में थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं लिया गया। उन्होंने बल्क ड्रग पार्क के उदाहरण से तुलना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के समय बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट की जमीन दस दिन में तय हुई, जबकि कांग्रेस के दौरान चार साल लगे और रेट भी ज्यादा था।
भाजपा नेता ने सोशल मीडिया के जरिए ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों की जवाबदेही की मांग की।