मैहतपुर (ऊना)। मैहतपुर में पिछले कुछ दिनों से बाइक चोर गिरोह सक्रिय है, जो रात्रि के वक्त बाइक चुराने के काम को अंजाम देते हैं।
पता चला है कि मैहतपुर बाजार से ही पिछले कुछ दिनों में दो बाइक चोरी हो चुकी हैं। पंजाब के नंगल के साथ लगते गांव भनाम निवासी मनप्रीत सिंह ने मैहतपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि बीती रात्रि को अपने दोस्त के साथ किसी काम से ऊना गया था। अपनी बाइक पीबी 16बी 9076 को मुख्य बाजार में अपने दोस्त की दुकान के आगे खड़ी कर दी। देर रात जब वह मैहतपुर लौटे तो देखा कि उसकी वहां से बाइक गायब है। बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर देखा गया कि तीन शातिर रात्रि के समय बाइक को चुराकर ले जा रहे हैं। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में शातिरों के चेहरों की पहचान नहीं हो पाई है।
पता चला है कि इससे पूर्व में भी कुछ जगहों से बाइक चोरी हो चुकी हैं। लोगों ने कहा कि रात्रि में पुलिस को अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी, ताकि इस प्रकार के बाइक चोर गिरोह को दबोचा जा सके। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, शातिरों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। संवाद