ऊना। थाना सदर ऊना के तहत झलेड़ा क्षेत्र से एक बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बड़साला निवासी अंकित कुमार ने बताया कि वह पंजाब के होशियारपुर स्थित एक कंपनी में कार्यरत है और प्रतिदिन बाइक पर झलेड़ा तक आकर वहां से बस के माध्यम से कंपनी जाता है। शिकायतकर्ता के अनुसार सात मई को भी उसने अपनी बाइक झलेड़ा स्थित वर्षाशालिका के पास खड़ी की थी। इसके बाद वह बस में सवार होकर होशियारपुर चला गया। शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह ड्यूटी से लौटकर वापस झलेड़ा पहुंचा तो उसकी बाइक वहां नहीं थी। उसने आसपास काफी तलाश की लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। शिकायतकर्ता ने बताया कि बाइक उसके पिता के नाम पर पंजीकृत थी, जिसे वह स्वयं उपयोग करता था। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।