नंगल (ऊना)। नंगल–ऊना मुख्य मार्ग पर स्थित शिवालिक एवेन्यू चौक पर बीती रात सड़क हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीर बलवीर सिंह ने घायल को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। शिवालिक एवेन्यू के पार्षद दीपक नंदा ने बताया कि घायल युवक की पहचान दलजीत सिंह, निवासी गांव ढेर के रूप में हुई है। वह ऊना स्थित अमरटैक्स में कार्यरत है और काम खत्म कर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल अस्थायी रूप से बनाए गए गोल चक्कर से टकरा गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ दिन पहले भी इसी गोल चक्कर से टकराकर एक कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अस्थायी गोल चक्कर को सुरक्षित तरीके से पुनः निर्मित किया जाए ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।