ऊना। पुलिस थाना गगरेट के तहत क्षेत्र में बीते बुधवार को साइकिल पर घास लेकर जा रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार अज्ञात बाइक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, आरोपी बाइक सवार मौके से भाग गया। गगरेट पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार प्रीतम चंद निवासी मवा कोहलां जिला ऊना ने वीरवार को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार को अपनी साइकिल पर ललोटी में अपने खेत से घास लेकर पैदल ही अपने घर को जा रहा था। शाम करीब पांच बजे दौलतपुर से गगरेट मार्ग पर वह सडक पार करने लगा तो एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसे चोटें आई और बाइक चालक मौके से भाग गया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।