अंब(ऊना)। नकड़ोह में एक खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में बाइक टकराने के कारण 35 वर्षीय चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह हादसा उस वक्त हुआ जब एक ट्रक चालक ने गाड़ी के टायर चेक करने के लिए ट्रक को सड़क किनारे रोका और टायर चेक करने लगा। उस दौरान पीछे से एक बाइक तेज रफ्तार से आई और ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस कारण बाइक सवार यशपाल, पुत्र होशियार सिंह, निवासी गांव मंजीर सलूणी जिला चंबा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए तुरंत सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उधर, एसडीपीओ अंब डॉ. वसुधा सूद ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद