ऊना। जिला मुख्यालय में बुधवार को भारतीय मजदूर संघ (भामसं) की जिला इकाई ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों, पेंशनरों और विभिन्न वर्गों के कामगारों से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर संगठन ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश व केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा, जबकि पेंशनरों की पेंशन भी लंबे समय से लंबित है। जिला अध्यक्ष हकीकत राय ठाकुर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि सरकार प्रशासनिक नाकामियों को छिपाने के लिए जनहित के मुद्दों से ध्यान भटका रही है। प्रदेश सचिव सुमन संदल और जिला सचिव हरि कृष्ण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। जल शक्ति विभाग में आउटसोर्स कर्मचारियों को डेढ़ वर्ष से वेतन न मिलने का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के लाभकारी होटलों को घाटे में दिखाकर निजीकरण की साजिश रची जा रही है। साथ ही हिमाचल पथ परिवहन निगम के 450 बस रूट बंद कर निजी ऑपरेटरों को लाभ पहुंचाने का प्रयास बताया। मांगें न माने जाने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी गई।