गोपाल शर्मा
अंब (ऊना)। दो नावों का सवार हमेशा डूबता है। यह कहावत जितनी पुरानी है, उतनी ही आज भी प्रासंगिक। विवाह का झूठा वादा कर युवती से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार युवक की कहानी अब सामाजिक ही नहीं, बल्कि कानूनी तौर पर भी गंभीर उलझनों में फंसती नजर आ रही है। पहली युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को प्रदेश के एक औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि जिस दौरान वह युवती से विवाह का वादा कर संबंध बनाए हुए था, उसी बीच वह चुपचाप दूसरी युवती से विवाह कर चुका था और उसके साथ रह भी रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अब न केवल अपनी पहली प्रेमिका के विश्वासघात के आरोपों से घिरा है, बल्कि अपनी पत्नी को अंधेरे में रखने के कारण भी दोहरी कानूनी मुश्किल में फंस सकता है। जानकारी के अनुसार आरोपी पिछले कुछ दिनों से बद्दी में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। जब यह तथ्य सामने आया तो पहली युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि युवक ने उससे विवाह का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में गुपचुप तरीके से कहीं और शादी कर ली। इस बीच आरोपी अपनी नई शादीशुदा जिंदगी शुरू कर चुका था। मामले में आरोपी पर जहां पहली प्रेमिका से विवाह के वादे पर यौन संबंध बनाने का गंभीर आरोप है, वहीं यदि यह साबित होता है कि दूसरी शादी के समय उसने अपनी पूर्व प्रेमिका से संबंध और विवाह का वादा छिपाया तो यह उसकी पत्नी के साथ भी धोखाधड़ी के दायरे में आ सकता है। पुलिस इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने शिकायत दर्ज होने के बाद जानबूझकर अपनी पत्नी को गुमराह किया और उसके साथ छिपकर रह रहा था। यह गिरफ्तारी एक ऐसी कहानी का दुखद पड़ाव है, जहां एक व्यक्ति के छल ने दो जिंदगियों को मझधार में छोड़ दिया। अब पुलिस रिमांड के दौरान यह देखना अहम होगा कि इस ‘डबल गेम’ खेलने वाले दूल्हे की कहानी में और कौन-कौन से चौंकाने वाले खुलासे सामने आते हैं।