बंगाणा (ऊना)। बंगाणा खंड विकास कार्यालय में बुधवार को प्रदेश प्रशासनिक सेवा 2024 बैच की अधिकारी हिमानी ने खंड विकास अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही कार्यालय के कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। हिमानी की नियुक्ति से क्षेत्र में विकास और जनसंपर्क को लेकर एक नई उम्मीद की किरण जगी है। युवा, ऊर्जावान और दूरदर्शी सोच की प्रतीक हिमानी ने स्पष्ट किया कि उनका प्रशासनिक दृष्टिकोण पारदर्शिता और व्यावहारिकता पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में महिला सशक्तीकरण, जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन शामिल है। हिमानी ने स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की योजना बनाई। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे बिना किसी भय के कार्यालय में संपर्क करें और योजनाओं का लाभ उठाएं। संवाद