संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब में बीबीए, बीसीए के फ्रेशर्स के लिए ओरिएंटेशन (परिचय) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ प्राचार्य प्रो. दर्शन कुमार ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण की नींव है। उन्होंने सभी नव प्रवेशित छात्रों से आग्रह किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें। कार्यक्रम के दौरान प्रो. मोनिका जसवाल ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का बीसीए और बीबीए विभागों के समर्पित शिक्षकों से परिचय करवाया। इसके बाद प्रो. अनिल वर्मा (बीसीए समन्वयक) और प्रो. हरजीत सिंह ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, अनुशासनात्मक नियमों तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। महाविद्यालय की पूर्व छात्राएं अनुष्का सूद एवं मुस्कान चौहान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन परडॉ नितिन शर्मा ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलाई।