संतोषगढ़ (ऊना)। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संतोषगढ़ में ऊना और हरोली खंड के चल रहे लड़कियों के तीन दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-19 वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ।
समापन अवसर पर जिला शिक्षा उपनिदेशक राजेंद्र कौशल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विशेष रूप से उनके साथ मेजबान स्कूल के प्रिंसिपल गुरबचन लाल धीमान एवं एडीपीओ सेकेंडरी जगजीत सिंह उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि राजेंद्र कौशल ने खिलाड़ियों से कहा कि शिक्षा के साथ खिलाड़ियों को खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। आज के युग में खेलों में भी अच्छा कॅरिअर बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल को ज्यादा न प्रयोग करने तथा नशे के दुष्प्रभावों से भी दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने इस खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता रही टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर मेजबान स्कूल के प्रिंसिपल गुरबचन लाल धीमान, प्रिंसिपल रविंद्र धीमान, प्रिंसिपल अमित कौशल, अधीक्षक सुखविंद्र सैनी, समाजसेवी सतीश जोशी, हिमाचल प्रदेश सी एंड वी संघ के पूर्व अध्यक्ष शिव कुमार धीमान, एडीपीओ सेकेंडरी जगजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इन स्कूलों की टीमें रहीं अव्वल
प्रतियोगिता के समन्वयक डॉक्टर मुनीश राणा ने बताया खेलकूद प्रतियोगिता में कबड्डी मुकाबलों में ऊना जोन में बसदेहड़ा स्कूल विजेता रहा, जबकि मेजबान कन्या स्कूल संतोषगढ़ की टीम उपविजेता रही। हरोली जोन में बाथू स्कूल की टीम विजेता रही, जबकि पुबोवाल स्कूल की टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग के ऊना जोन के बैडमिंटन मुकाबलों में कन्या स्कूल ऊना की टीम विजेता रही, जबकि एसडी स्कूल संतोषगढ़ की टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन के हरोली जोन के मुकाबलों में कुठार बीत स्कूल की टीम विजेता और हरोली स्कूल की टीम उपविजेता रही। वॉलीबाल के महिला वर्ग में ऊना जोन में अजौली स्कूल की टीम विजेता और बहडाला स्कूल की टीम उपविजेता रही। वॉलीबाल के हरोली जोन के महिला वर्ग के मुकाबले में गोंदपुर बुल्लां स्कूल की टीम विजेता और धर्मपुर स्कूल की टीम उपविजेता रही। वहीं, ऊना जोन के खो-खो के महिला वर्ग के मुकाबले में नंगडा स्कूल की टीम विजेता और जाखेड़ा स्कूल की टीम उपविजेता रही। हरोली जोन के खो-खो महिला वर्ग के मुकाबले में कांगड़ स्कूल की टीम विजेता और खड्ड स्कूल की टीम उपविजेता रही। चेस महिला वर्ग में मेजबान कन्या स्कूल की टीम विजेता रही। हरोली जोन के चैस के महिला वर्ग में बट्ट कलां स्कूल की टीम विजेता रही व हरोली उपविजेता रहा। ऊना जोन में मार्च पास्ट की ट्रॉफी पर मेजबान कन्या स्कूल संतोषगढ़ की टीम ने कब्जा किया। वहीं, हरोली जोन में मार्च पास्ट की ट्रॉफी हरोली स्कूल की टीम ने जीती।