अंब (ऊना)। अंब में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल और डीएसपी अनिल पटियाल की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान अंब बाजार की कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खुली सिगरेट, चबाने वाला तंबाकू, निकोटिन उत्पाद, कूल लिप्स के साथ-साथ प्रतिबंधित प्लास्टिक की क्रॉकरी, गिलास और पॉलिथीन बैग बरामद कर मौके पर ही जब्त किए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के चालान भी काटे गए। प्रशासन ने व्यापार मंडल और सभी स्थानीय दुकानदारों से प्रतिबंधित सामान की बिक्री न करने और सरकारी नियमों का पूरी तरह पालन करने का आग्रह किया है।