ऊना। निजी बस ऑपरेटर यूनियन ऊना के प्रधान महेंद्र मनकोटिया ने कहा कि जिले में लोडिंग वाहनों में अवैध रूप से यात्रियों को ढोने की समस्या बढ़ती जा रही है, जो न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि यात्री सुरक्षा के लिए भी खतरा है। ऊना के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे वाहन रोजाना चलते हैं, जो हाईकोर्ट के आदेशों का उल्लंघन करते हैं। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि इन वाहनों में यात्रियों की ढुलाई बंद की जाए, लेकिन प्रशासन और पुलिस की लापरवाही से यह समस्या जारी है। विशेष रूप से मेले और त्योहारों के दौरान यह गतिविधि चरम पर पहुंच जाती है। मनकोटिया ने प्रशासन से आग्रह किया है कि हाईकोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, अवैध ढुलाई पर रोक लगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।