बारिश होने पर कीचड़ में राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों का गुजरना हुआ मुश्किल
विभाग की उदासीनता से सैकड़ों लोगों को करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। भटेड़ गांव की सड़क पर गड्ढे पड़े होने के कारण बारिश के बाद जलमग्न हो गई है। कीचड़ में पैदल और दोपहिया वाहनों को गुजरने में काफी परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की उदासीनता से गांव के साथ-साथ इस सड़क से गुजरने वाले रोजाना सैंकड़ों लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं कर पा रहा। सड़क के बीचोंबीच गड्ढों में डाली गई चिकनी मिट्टी जनता के लिए आफत बन गई है।
जोडबढ़ दौलतपुर मुख्य मार्ग पर खराब हुई इस सड़क को लगभग एक साल का समय हो गया है, लेकिन विभाग बहाने बनाने के अलावा कुछ नहीं कर पाया है। ग्राम पंचायत हंसराज, उपप्रधान अनिल, पूर्व प्रधान एवं बीडीसी सदस्य निर्मला देवी, कुलदीप, सुरेश शर्मा, राजेंद्र, पप्पी, जगतार, बिक्की, रमन समेत अन्य ने बताया कि काफी अरसे से यह समस्या बनी हुई है। बरसात में यह विकराल रूप धारण कर लेती है, लेकिन विभाग मौन है। यदि समस्या का हल नहीं किया गया तो जनता को और भी दिक्कतें पेश आ सकती हैं। बारिश के कारण सड़क पर चिकनी मिट्टी से स्कूटी सवार कीचड़ में गिर भी रहे हैं, लेकिन विभाग मूकदर्शक बना हुआ हैं।
वहीं, सहायक अभियंता नीरज ठाकुर ने बताया कि इस सड़क पर अब बरसात के कारण पैच वर्क नहीं हो पाएगा, लेकिन समस्या का कोई हल शीघ्र निकाला जाएगा।
सचित्र