संतोषगढ़ के गुरु रविदास मंदिर में घल्लू घारा जोड़ मेले में गायकों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
संतोषगढ़ (ऊना)। नगर परिषद संतोषगढ़ स्थित ऐतिहासिक श्री गुरु रविदास मंदिर में सालाना 19वें घल्लू घारा जोड़ मेले में गायकों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बाबा सतनाम सिंह हुसैनपुर वाले ने ..नाम वाला अमृत पी.. भजन से समां बांधा। प्रसिद्ध गायक कांशीनाथ ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर हजारों की संख्या में मौजूद संगत को झूमने पर विवश कर दिया। जोड़ मेला कमेटी के चेयरमैन बलवंत सिंह, गुरु रविदास कमेटी संतोषगढ़ के प्रधान एडवोकेट कुलविंद्र सिंह ने सभी को मंदिर में सुशोभित मूर्ति का स्मृति चिह्न और सिरोपा देकर सम्मानित किया। साल 2005 के मंदिर प्रकरण में भूमिका निभाने वाले दिवंगत रामदास भाटिया को समर्पित आयोजन में उनके परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया गया। स्थानीय निवासी किरण बाला को पीएचडी सहित दुबई में सम्मान पाने के लिए मंच पर सराहना की गई। मेला के संस्थापक क्रांतिकारी पूर्व विधायक शिंगारा राम सहूंगड़ा के बेटे कुंवर जगवीर सिंह सिद्धू व उनकी पत्नी सुमन कुमारी और बेटी परी को भी सम्मान दिया। कुंवर जगवीर सिंह ने पिता की स्मृतियों को याद करते हुए जोड़ मेले का महत्व बताया। कहा कि वर्ष 2005 में हुए मंदिर प्रकरण के बाद यहां स्थापित मंदिर का महत्व है। जोड़ मेले के चेयरमैन बलवंत सिंह ने कहा कि जोड़ मेला का इतिहास हमारी आन बान शान से जुड़ा है।