गिरफ्तारी पर 19 अगस्त तक रोक, युवती ने लगाए हैं दुष्कर्म के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। दुष्कर्म के आरोपों का सामना कर रहे डेरा बाबा हरि शाह के गद्दीनशीन बाबा राकेश शाह को उच्चतम न्यायालय से राहत मिली है। उच्चतम न्यायालय ने बाबा राकेश शाह की गिरफ्तारी पर 19 अगस्त तक रोक लगा दी है। इस मामले की अगली सुनवाई उच्चतम न्यायालय में 19 अगस्त को होगी। बाबा राकेश शाह पर एक युवती ने करीब दस साल पहले पानी में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर उसे कमरे में ले जाकर उसके साथ अर्द्धचेतन अवस्था में दुष्कर्म करने के संगीन आरोप लगाए थे। युवती का आरोप था कि उस समय वह नाबालिग थी। इन आरोपों के आधार पर गगरेट पुलिस ने बाबा राकेश शाह और एक अन्य के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था। हालांकि, बाबा राकेश शाह ने इन आरोपों को नकारते हुए उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। इसे उच्च न्यायालय ने निरस्त कर दिया था। इस पर बाबा राकेश शाह अग्रिम जमानत के लिए उच्चतम न्यायालय की शरण में गए थे। दो जुलाई को डबल बेंच ने इस मामले में नोटिस जारी करते हुए बाबा राकेश शाह की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है।