संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। साहूवाल स्थित बाबा बिशनदास मंदिर में महिला श्रद्धालु से अश्लील हरकत के आरोपी पुजारी हरभजन सिंह उर्फ काला बाबा (निवासी दुलैहड़, हरोली) घटना के बाद से गायब है। पुलिस के मुताबिक बाबा ने ग्राम पंचायत प्रधान की मौजूदगी में माफी भी मांगी थी, लेकिन 20 जुलाई को महिला ने दोबारा मंदिर पहुंचकर बाबा और मुख्य संत संदीप कुमार पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार आरोपी ने अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई है। एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि यदि जमानत खारिज होती है तो उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना को लेकर लोगों में रोष है।