ऊना। पुलिस थाना गगरेट के तहत दौलतपुर चौक में रेलवे लाइन निर्माण स्थल से जरूरी सामग्री चुराने का प्रयास किया गया। जब कर्मचारियों ने आरोपियों को चोरी देखा लिया तो उन्होंने पत्थरों से हमला कर दिया और गाड़ी छोड़कर भाग गए। पुलिस ने चंद्रमोहन निवासी गांव गरां डाकघर स्वाहन तहसील नैनादेवी जिला बिलासपुर और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गुरदेव सिंह निवासी नंगल जरियाला, तहसील घनारी, जिला ऊना ने बताया कि 15 फरवरी को उनके सुरक्षा गार्ड ने देखा कि आरोपी गाड़ी में सरिया, शटरिंग प्लेटें और वेल्डिंग मशीन लोड कर रहे थे। कर्मचारियों ने पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने पत्थर मारे और भाग गए। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है। संवाद