संवाद न्यूज एजेंसी
लठियाणी (ऊना)। गोबिंद सागर झील पर मंदली पुल का निर्माण कार्य शुरू होते ही लठियाणी घाट पर स्थानीय के साथ विदेशी पर्यटक भी पहुंचने शुरू हो गए। जर्मनी से आए डोनाल्ड मस्क तथा उनकी पत्नी एलिजा मस्क भी मंगलवार को यहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि हम हर वर्ष नया साल भारत में मनाने आते हैं। इस साल नव वर्ष धर्मशाला में मनाया। जब उनसे पूछा गया कि आप धर्मशाला से यहां गोबिंद सागर झील तक कैसे पहुंचे तो उन्होंने बताया कि धर्मशाला में जो हमारे साथ गाइड था, उसने बताया कि यहां पर एक बहुत बड़ी गोबिंद सागर झील है जिस पर पुल का निर्माण काय चल रहा है। यही देखने के लिए हम धर्मशाला से यहा पहुंच गए। जब से गोबिंद सागर झील पर लठियाणी-मंडली पुल का निर्माण शुरू हुआ है, तभी से न जाने प्रतिदिन कितने पर्यटक हमीरपुर तथा ऊना के साथ लगते दूसरे जिलों से भी यहां का नजारा देखने पहुंच रहे हैं। झील के किनारे छोटी सी दुकान चलाने वाले स्थानीय निवासी शीशपाल शर्मा ने बताया कि हर दिन शाम के समय यहां पर झील का नजारा देखने के लिए पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता है।