लोगों की समस्या सुनते शिक्षा मंत्री(छाया-अशोक चोपड़ा)
पंजाब में खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट को देखते लिया फैसला
हमारा विधायक हमारे बीच कार्यक्रम में बोले शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस
सेवा सदन में सुनीं शिकायतें, अधिकारियों को दिए समाधान करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। पंजाब के शिक्षा एवं सूचना एवं लोक संपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस की ओर से साढ़े तीन वर्ष पहले शुरू किए गए जनता दरबार में लगातार लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। रविवार को सेवा सदन नंगल दो आरवीआर में आयोजित दरबार में सुबह सात बजे से ही क्षेत्रवासी, पंचायतें तथा धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। शिक्षा मंत्री ने अधिकतर मामलों का मौके पर ही निपटारा किया और जटिल समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने पंजाब में खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में छुट्टियां 3 सितंबर तक बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने ईश्वर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन ने पहले से ही बाढ़ से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए थे। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से हाई-प्रोटेक्शन डंगे बनाए गए, जिसके चलते जिला रूपनगर में बाढ़ का असर नहीं पड़ा। उन्होंने बताया कि पंजाब के दो जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं, जहां भारी नुकसान हुआ है।