ऊना। जिला मुख्यालय के एमसी पार्क में शुक्रवार को आंगनबाड़ी वर्कर-हेल्पर यूनियन संबंधित सीटू के बैनर तले बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव ड्यूटी के दौरान चुनावी कर्मचारियों के लिए भोजन तैयार करने का आदेश जारी किया गया है, जिसका यूनियन पुरजोर विरोध करती है। महिलाओं ने कहा कि चुनावी टीमें एक दिन पहले ही पोलिंग बूथों पर पहुंच जाती हैं और ऐसे में आंगनबाड़ी कर्मियों को देर रात तक वहां रुकना पड़ेगा। यूनियन की जिला अध्यक्ष नरेश कुमारी और जिला सचिव अनुराधा ने कहा कि आंगनबाड़ी में कार्यरत सभी कर्मी महिलाएं हैं जबकि चुनावी स्टाफ में अधिकतर पुरुष कर्मचारी होते हैं। ऐसे माहौल में देर रात तक खाना बनाना और परोसना महिला कर्मियों की सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है। प्रदर्शन के बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि इस आदेश को तुरंत वापस लिया जाए। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।