अंब (ऊना)। धंधड़ी में सड़क दुर्घटना में बाइक की चपेट में आने से 80 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। वृद्ध महिला सत्संग घर में सेवा के लिए जा रही थी। उसकी पहचान गुरबचनी देवी पत्नी धर्मचंद निवासी धंधड़ी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 07:30 बजे धंधड़ी में सत्संग घर में सेवा को जा रही वृद्ध महिला को एक बाइक ने चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर अवस्था में उसे सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद