ऊना। अमृत भारत रेलवे स्टेशन के तहत प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश ऊना के एकमात्र रेलवे स्टेशन अंब अंदौरा में चल रहे पुनर्विकास कार्य को लेकर अच्छी खबर आई है। रेलवे बोर्ड की ओर से आगामी डेढ़ माह में इस रेलवे स्टेशन के कार्य को पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
फिलहाल रेलवे स्टेशन पर चल रहे योजना के कार्य को करीब 80 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। विकास कार्य को लेकर बीते दिनों रेलवे बोर्ड अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया ने अधिकारियों संग रेलवे के निर्माण विंग की टीम के साथ निरीक्षण किया। यहां पर यात्रियों के लिए सुरक्षा मापदंडों को लेकर भी व्यवस्थाओं की जांच की गई। हालांकि स्टेशन पर योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की कड़ी को आठ माह यानी बीते अप्रैल माह में पूरा करना तय हुआ था, लेकिन कुछ औपचारिकताओं में हल्की देरी के बीच लगभग पांच माह और इसे पूरा करने में लगेंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते वर्ष 6 अगस्त 2023 को वर्चुअल अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की नींव वर्चुअल माध्यम से रखी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के तहत इस पर 20.74 करोड़ रुपये से पुनर्विकास होना प्रस्तावित किया गया था। देशभर में इस योजना में 508 रेलवे स्टेशनों को शामिल किया गया है, जिनमें अंब रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा। पुनर्विकास के बाद इस अंब रेलवे स्टेशन पर स्थानीय संस्कृति और वास्तुकला की झलक में क्षेत्र का ऐतिहासिक अतीत, जसवां रियासत, अंब-अंदौरा किला और कलाकृतियां यहां दिखेंगी, जबकि एयरपोर्ट की तर्ज पर सुविधाओं में आधुनिक वेटिंग रूम, बेहतरीन शौचालय, सीढ़ियां, दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप एवं लिफ्ट आदि का प्रावधान, रूफ प्लाजा के रूप में काम करने वाला 12 मीटर चौड़ा एफओबी बनाया जाएगा। चित्रलेख, आधुनिक दूरसंचार कोच जैसी यात्री सुविधाएं, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, सार्वजनिक सूचना, प्रणाली, संकेत, डिजिटल घड़ियां इसमें शामिल रहेंगी। संवाद
-
अंब रेलवे स्टेशन पर करीब 80 प्रतिशत तक अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत कार्य कर लिया गया है। आगामी डेढ माह में इसे संपन्न करने का लक्ष्य तय किया गया है।
-मनदीप सिंह भाटिया, डीआरएम, रेलवे बोर्ड, अंबाला मंडल