स्कूल मुख्याध्यापकों को 50 रुपये, स्टाफ को 30 और प्रति विद्यार्थी देने होंगे पांच रुपये
शिक्षा विभाग ने एक सप्ताह के भीतर राशि जमा करवाने के लिए कहा
विभाग के निर्देश, राशि जमा करवाने में न हो लेटलतीफी, सख्ती से करें पालन
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अध्यापक दिवस पर वितरित किए गए झंडों की राशि को समय पर जमा करवाने की हिदायत दी गई है। इसके लिए उपनिदेशक कार्यालय की ओर से सभी उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों को पत्र जारी किया गया है, जिसमें निर्देश दिए गए हैं कि एक सप्ताह के भीतर झंडा राशि को जमा करवाएं। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई हो सकती है।
जानकारी के अनुसार बीती पांच सितंबर को अध्यापक दिवस के दिन स्कूल स्टाफ, अध्यापकों और विद्यार्थियों को झंडा वितरण किया गया था। इस झंडा वितरण का मकसद फंड इकट्ठा करना होता है, जिसका इस्तेमाल शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर करने सहित स्कूलों से जुड़े विकास कार्यों में होता है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि स्कूल के प्रधानाचार्य और मुख्याध्यापक को 50 रुपये, अध्यापकों और नॉन टीचिंग स्टाफ को 30 रुपये व विद्यार्थियों को पांच रुपये जमा कराने होंगे। झंडे से मिलने वाली राशि संबंधित डीईओ एकत्र करेंगे और एक ड्राफ्ट बनाकर निदेशालय को भेजा जाएगा।
ध्यान रहे कि स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष दिवस पर विभिन्न गतिविधियों के जरिए फंड एकत्रित किया जाता है, जिसे बाद में कल्याणकारी योजनाओं में खर्च किया जाता है।
कोट्स
Iसभी स्कूलों को अध्यापक दिवस पर वितरित किए गए झंडों की राशि एकत्रित करने के लिए कहा गया है। इसके लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। सभी स्कूल समय रहते राशि को उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवाएं। इस निर्देश को अति जरूरी समझा जाए। I
राजेंद्र कौशल, उपनिदेशक, जिला उच्च शिक्षा विभाग