चिंतपूर्णी के विधायक ने अमोकला प्रीतम गांव का दौरा किया, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने शनिवार को डुहल भंटवाला पंचायत के अमोकला प्रीतम गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंडित अश्विनी कुमार के घर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि क्षेत्र में लगभग 17 करोड़ की लागत से चिंतपूर्णी बाईपास से किन्नू तक शहीद कैप्टन अमोल कालिया मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने मांग की कि अमोकला प्रीतम गांव को भी इस मुख्य मार्ग से जोड़ा जाए। इसके अलावा बरसात के दौरान बाढ़ से बचाव के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की भी जरूरत बताई गई। विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि गांव को सड़क से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता पर किया जाएगा और बाढ़ नियंत्रण विभाग के माध्यम से सुरक्षा दीवार भी जल्द बनाई जाएगी। पंचायत चुनाव को लेकर पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार चुनाव तय समय पर ही होंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आई आपदा के कारण प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई थी, लेकिन अब मई माह में चुनाव संपन्न होने की संभावना है। दावा किया कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं और आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों की भारी जीत होगी।