जिला प्रशासन के प्रयासों से ट्रांसपोर्ट सोसायटी विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान
ऊना। ऊना जिला प्रशासन के प्रयासों से गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े एक ट्रांसपोर्ट सोसायटी विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान कर लिया गया है। बता दें, उपायुक्त जतिन लाल ने शिव सहकारी ट्रांसपोर्ट सोसायटी लिमिटेड अंब, शिवालिक ट्रांसपोर्ट सोसायटी लिमिटेड भंजाल और जय शंकर ट्रक एंड टैंकर को-ऑपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसाइटी लिमिटेड में चल रहे विवाद में दायर शिकायतों की जांच और समाधान के लिए अतिरिक्त उपायुक्त ऊना की अध्यक्षता में एक समिति गठित की थी। इस समिति में एसडीएम अंब, एसडीएम गगरेट, जिला राजस्व अधिकारी, ऊना और सहायक पंजीयक सहकारी समितियां, ऊना को सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। इसने शनिवार को मामले को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल कर लिया। समाधान में एक राजीनामे पर सहमति बनी, जिससे सभी संबंधित पक्ष संतुष्ट थे। उल्लेखनीय है कि इस विवाद को सुलझाने में गगरेट के विधायक राकेश कालिया और चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति की बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा के बाद, दोनों पक्षों के बीच राजीनामा करवाया गया। संवाद