संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। राजकीय माडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अंबोटा की संबद्धता सीबीएसई के साथ हो गई है। इसके चलते नए शैक्षणिक सत्र से इस स्कूल में सीबीएसई पैटर्न से पढ़ाई करवाने का मार्ग भी प्रशस्त हो गया है। सीबीएसई पैटर्न वाला अंबोटा स्कूल गगरेट विधानसभा में पहला और जिले का चौथा स्कूल है। इससे पहले यह सरकारी स्कूल हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड के साथ संबद्ध थे। इसके विपरीत अधिकांश निजी स्कूल सीबीएसई के साथ संबद्ध हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षण गतिविधियों में आमूलचूल बदलाव के लिए बजट सत्र के दौरान प्रदेश के सौ स्कूलों को प्रथम चरण में सीबीएसई के साथ संबद्ध करवाने का एलान किया था। इसी के चलते शिक्षा विभाग द्वारा जारी पहली लिस्ट में जिला ऊना के सात स्कूल लिए गए थे। इससे पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ऊना, हरोली व दुलैहड़ की संबद्धता सीबीएसई के साथ हो चुकी है जबकि अब अंबोटा स्कूल को भी सीबीएसई द्वारा संबद्धता नंबर जारी कर दिया गया है।