पहले महीने में एक सप्ताह के लिए अंब में लगाई जाती थी अदालत
मामलों के निपटारे में आएगी तेजी : सुदर्शन सिंह बबलू
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। अंब में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की नियमित अदालत स्थापित करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस सरकार की तरफ से चिंतपूर्णी और गगरेट विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी गई है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अदालत के संचालन के लिए कुल 15 पद सृजित किए गए हैं। इनमें एक-एक पद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-II, रीडर ग्रेड-I और स्टेनोग्राफर ग्रेड-I का रहेगा। इसके अतिरिक्त नाजिर, क्लर्क-कम-टाइपिस्ट, सिविल अहलमद, क्रिमिनल अहलमद, नायब नाजिर और काॅपीस्ट के पद अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे। वहीं, चालक और चपरासी के पद दैनिक वेतन आधार पर जबकि चौकीदार और सफाई कर्मचारी के पद आउटसोर्स आधार पर भरे जाएंगे। सरकार का यह कदम न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लोगों को स्थानीय स्तर पर न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे अंब सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और मामलों के निपटारे की प्रक्रिया में भी तेजी आएगी। चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत महीने में एक सप्ताह के लिए अंब में लगाई जाती थी। जबकि केस फाइल करने और कई अन्य कामों के लिए लोगों को जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। अब इसके लिए सभी सुविधाएं अंब कोर्ट कांप्लेक्स में मिल पाएंगी।