गगरेट (ऊना)। जिला ऊना में मानसून के दौरान खनन पर लगी रोक के बीच भी अवैध खनन के आरोप लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक जुलाई से 30 सितंबर तक नदी-नालों और खड्डों में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है लेकिन इसके बावजूद जिले के कई क्षेत्रों, विशेषकर कुठेड़ा जसवाला और आसपास के इलाकों में जेसीबी मशीनों से खनन होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। इससे न केवल प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि खनन माफिया की सक्रियता को लेकर भी गंभीर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इन आरोपों के बीच जिला खनन अधिकारी राजीव कालिया ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मेरी हाल ही में नियुक्ति हुई है और जिले के सभी क्रशरों की लोकेशन की जानकारी एकत्रित की जा रही है।