बंगाणा (ऊना )। क्षेत्र की रौणखर, डाकघर तलमेहड़ा, तहसील बंगाणा की शीला देवी, पत्नी लक्ष्मी चंद ने एक ठेकेदार पर हाईकोर्ट के निर्देशों की अवहेलना कर खैर कटान के संबंध में मार्किंग करने के आरोप लगाए हैं। शीला देवी ने बताया कि तहसील बंगाणा के गांव अमजाड़ डाकघर डोहगी में उसकी जमीन है। इसका केस हाईकोर्ट में जमीन के अन्य हिस्सेदार संग चल रहा है। हाईकोर्ट ने बीते सात जनवरी 2013 एवं 23 जुलाई 2013 को इस पर स्टे ऑर्डर दे दिया। इसके चलते जमीन पर निर्माण एवं पेड़ों की कटाई इत्यादि नहीं की जा सकती है, लेकिन हिस्सेदार ने उक्त जमीन में खड़े खैरों के पेड़ों को एक ठेकेदार को बेच दिया। ऐसे में इन्होंने हाईकोर्ट के आदेशों की परवाह भी नहीं की। संबंधित ठेकेदार ने भी बिना जांच किए खैरों की मार्किंग भी कर दी। जैसे ही इस बात का पता शीला देवी को चला तो उन्होंने एक पत्र वनमंडल अधिकारी बंगाणा को लिखा। पूरा मामला उन्हें बताया। उन्होंने अपील की है कि हाईकोर्ट से निर्णय न आने तक जमीन पर कोई भी कोई भी काम या लेनदेन न हो। शीला देवी ने विभाग को सौंपे पत्र में हाईकोर्ट के आदेशों की प्रतिलिपि भी संगलित की है।
मामला ध्यान में आया है। उक्त स्थान पर दो परिवारों का जमीन विवाद है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। संबंधित ठेकेदार को उस स्थान पर मार्किंग न करने के आदेश दे दिए हैं।
-अंकुश, वन मंडल अधिकारी बंगाणा