ऊना। रेलवे बोर्ड अंबाला मंडल के डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया बुधवार को रेलवे स्टेशन ऊना पर निरीक्षण के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ऊना स्टेशन पर सुविधाओं के विस्तार सहित हाल ही में बनकर तैयार लूप लाइन एवं दूसरे प्लेटफार्म की व्यवस्थाओं को जांचा।
उन्होंने अधिकारियों की टीम सहित यहां हुए कार्य को लेकर संतुष्टि जाहिर की। रेलवे स्टेशन सहित रेल लाइन के बचे विकास कार्य को जल्द संपन्न करने को कहा। डीआरएम मनदीप सिंह भाटिया ने कहा कि लूप लाइन और प्लेटफार्म नंबर दो जिला ऊनावासियों के लिए बड़ी सौगात है। हालांकि चार वर्ष पूर्व 2020 में यहां के दूसरे प्लेटफार्म के निर्माण को कर लिया गया, परंतु लूप लाइन न होने से प्लेटफार्म का संचालन नहीं किया जा सका। अब मंगलवार रात्रि से इस रेलवे स्टेशन पर जनशताब्दी ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर दो पर ठहराव किया गया। दूसरी ओर बुधवार सुबह नई दिल्ली से आई वंदे भारत जैसी सुपरफास्ट ट्रेन भी इस दूसरे प्लेटफार्म की लूप लाइन से संचालित की गई। यकीनन ही लूप लाइन तकनीकी विषय पर खरी उतरी है।
उन्होंने कहा कि 20 सितंबर से ऊना आने वाली अन्य ट्रेनें भी इस लूप लाइन से आवागमन कर सकेंगी। मनदीप सिंह भाटिया ने कहा कि दौलतपुर चौक से तलवाड़ा तक रेलवे कनेक्टिविटी का कार्य वर्ष 2025 तक पूरा होगा। दौलतपुर चौक में वाशिंग लाइन मंजूर है और इसके निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया चल रही है। अगर यहां वॉशिंग लाइन होगी तो नंगल की वाशिंग लाइन की ज्यादा जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जहां पर अंडरपास बनाने के लिए स्थान की उपलब्धता है और वॉटर लॉगिंग की दिक्कत नहीं आती, वहां पर प्राथमिकता के तौर पर अंडरपास का निर्माण किए जाएंगे। यात्रियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए रेलवे बोर्ड एवं मंत्रालय कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि यहां लूप लाइन के बचे कुछ कार्य को वीरवार दोपहर तक पूरा कर लिया जाएगा। संवाद