अंब(ऊना)। अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन के पास वार्ड नंबर आठ में चिट्टे (हेरोइन) की खेप के साथ पकड़े गए तीनों आरोपियों को अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने बुधवार को महिला, उसके बेटे और बेटे के दोस्त को अंब अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने तीनों को 12 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंपने के आदेश दिए हैं।गौरतलब है कि मंगलवार देर शाम पुलिस को उक्त मकान में नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त और संदिग्ध गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विपिन शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान पर दबिश दी थी। तलाशी के दौरान घर से 17.68 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर की मालकिन, उसके बेटे और बेटे के दोस्त को मौके पर ही हिरासत में ले लिया था। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। अदालत से रिमांड मिलने के बाद अब पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस मामले के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।