ऊना के डीआरडीए भवन में मानसून की तैयारियों को लेकर उपायुक्त जतिन लाल बैठक करते हुए।संवाद
डीसी ने जन सुरक्षा को लेकर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के दिए निर्देश
कार्यों की साप्ताहिक रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय भेजना करें सुनिश्चित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपायुक्त जतिन लाल ने बरसात के मौसम में जल जनित-जीवाणु जनित रोगों से जनता की सुरक्षा के लिए सभी विभागों से मिलकर काम करने को कहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की रोगों से सुरक्षा और बचाव को लेकर सभी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। इसे लेकर शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक लेते हुए उपायुक्त ने बेहतर अंतर विभागीय तालमेल पर जोर दिया तथा रोगों से जन सुरक्षा को लेकर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विभाग इस दिशा में किए अपने कार्यों की साप्ताहिक रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय भेजना सुनिश्चित करें। जतिन लाल ने बरसात में रोगों से बचाव के लिए जन जागरूकता पर बल दिया। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं तथा एएनएम के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जन जागरूकता संदेश घर-घर पहुंचाने को कहा। उन्होंने जिलावासियों से भी बरसात के मौसम में रोगों से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता के जन अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। बैठक में एएसपी संजीव भाटिया, एसडीएम हरोली राजीव ठाकुर, एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी उपस्थित रहे।
सचित्र
घर और आसपास रखें साफ-सफाई
वहीं, बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसके वर्मा ने कहा कि बरसात के मौसम में रोगों से बचाव के लिए सभी को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ पेयजल, स्वच्छ व ताजे भोज्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। एहतियात बरतते हुए बरसात के दौरान घर और आसपास साफ-सफाई रखें, घास-झाडि़यां न उगने दें। पानी जमा न होने दें। घर के अन्दर-बाहर और आसपास कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें। शरीर की स्वच्छता का ख्याल रखें। दूषित जल का सेवन न करें। खेतों में काम करते समय अपने शरीर को विशेषकर हाथ-टांगे और पैर ढक कर रखें।