मैहतपुर (ऊना)। आने वाले कुछ महीनों में हिमाचल सर्कल के सभी शाखा डाकघरों को पेपरलेस कर दिया जाएगा। इस दिशा में कार्य प्रगति पर है। शाखा डाकघरों में ग्रामीण लोगों को जमा तथा निकासी के लिए भरे जाने वाले वाउचरों से छुटकारा मिल जाएगा। इसके लिए तमाम उपभोक्ताओं को शाखा डाकघर में अपने खातों की री-केवाईसी करवानी होगी। तमाम दस्तावेज पूरे करने के बाद अंगूठा लगाकर ही पैसे जमा तथा निकाले जा सकेंगे। जिससे वाउचर भरने की दिक्कत दूर हो जाएगी। यह बात बुधवार को मैहतपुर के सेवा सदन में आयोजित शाखा डाकपालों के साथ बैठक में हिमाचल प्रदेश पोस्टल सर्किल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल (सीपीएमजी) संजय सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण डाकघरों में अच्छा कार्य हो रहा है परंतु केंद्र सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप इसमें और अधिक ग्रोथ की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य शाखा डाकघरों को आत्मनिर्भर बनाने का है, जिसके लिए सभी को मिलजुल कर प्रयास करने होंगे, ताकि प्रत्येक शाखा डाकघर आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि डाकघरों में चल रही योजनाएं उपभोक्ताओं लिए काफी लाभप्रद है, जिसका फायदा ग्रामीण क्षेत्र के लोग बेहतर ढंग से उठ भी रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण डाकघरों में आ रही समस्याओं का भी फीडबैक लिया तथा शाखा डाकपालों को भरोसा दिलाया है कि उन्हें पेश आ रही समस्याओं को वे केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखेंगे। इस अवसर पर अधीक्षक डाकघर ऊना बलवीर चंद, सहायक अधीक्षक सन्नी भारद्वाज, निरीक्षक डाक रजनीश कुमार सहित डाक पर्यवेक्षक भी मौजूद रहे।