संतोषगढ़ (ऊना)। अजोली की शास्त्री मार्केट में चल रहे 10 दिवसीय गणेश उत्सव के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने गणेश पूजन कर भगवान श्रीगणेश जी का आशीर्वाद लिया। गणेश उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि गणेश महोत्सव में रोजाना गणेश पूजन के साथ-साथ धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। 14 सितंबर को भगवती जागरण का आयोजन किया जा रहा है। इसमें अजय माही एंड पार्टी महामाई की महिमा का गुणगान करेंगे। 15 सितंबर को रात के वक्त वृंदावन के संत भक्ति प्रभु जी अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को निहाल करेंगे। गणेश विसर्जन कार्यक्रम 16 सितंबर को संपन्न होगा। भगवान गणेश जी की शोभायात्रा अजोली से शुरू होगी जो मैहतपुर होते हुए विभोर साहब पहुंचेगी। यहां सतलुज नदी में भगवान श्रीगणेश जी का विसर्जन कार्यक्रम संपन्न होगा। बुधवार को सुबह गणेश पूजन के अवसर पर रजिंद्र सोनी, ललित कुमार, पवन गौतम, राकेश संदल, सतीश, जुल्फी राम, विजय कुमार, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।