ऊना। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ऊना (ट्रिपल आईटी ऊना) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) पटना ने एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। हस्ताक्षर समारोह में ट्रिपल आईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौर तथा एनआईटी पटना के सहायक अधिष्ठाता (शैक्षणिक) डॉ. अंकुर कुमार ने भाग लिया। एमओयू पर एनआईटी पटना के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार जैन तथा कुलसचिव डॉ. असीत नारायण ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर की तिथि से पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगा। ट्रिपल आईटी ऊना के निदेशक ने कहा कि इसका उद्देश्य शैक्षणिक सहयोग, संयुक्त अनुसंधान, नवाचार तथा छात्र विकास को मजबूत करना है। इस साझेदारी का एक प्रमुख उद्देश्य शिक्षकों एवं छात्रों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। दोनों संस्थानों के छात्रों को निर्धारित पात्रता मानदंडों के अधीन सहयोगी संस्थान में ग्रीष्मकालीन अनुसंधान इंटर्नशिप करने के अवसर मिलेंगे। एमओयू के अंतर्गत विजिटिंग स्टूडेंट्स प्रोग्राम की भी व्यवस्था की गई है, जिसके तहत पात्र बीटेक और एमटेक छात्र दूसरे संस्थान में एक सेमेस्टर व्यतीत कर सकेंगे, क्रेडिट-आधारित पाठ्यक्रमों में भाग ले सकेंगे तथा अनुसंधान, इंटर्नशिप या परियोजना कार्य कर सकेंगे। समझौता ज्ञापन के अंतर्गत पात्र अंतिम वर्ष के बीटेक तथा द्वितीय वर्ष के एमटेक छात्रों को लागू नियमों के अधीन सहयोगी संस्थान में शीघ्र पीएचडी प्रवेश कार्यक्रम के तहत प्रवेश के लिए विचार किए जाने के अवसर भी प्राप्त होंगे।