गगरेट (ऊना)। पंचायती राज चुनावों का रोस्टर अभी आया नहीं हैं परंतु इस रोस्टर को लेकर गांव की चौपाल पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। चर्चाओं में कुछ चेहरे भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। जो रोस्टर आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यदि ग्राम पंचायत की प्रधान की सीट ओपन होगी तो कौन सा चेहरा आगे आएगा, यदि महिला हुई तो कौन अपना भाग्य आजमाएगा। यदि एससी के लिए आरक्षित हुई तो किस उम्मीदवार का भाग्य चमकेगा। क्षेत्र के वोटर अपने-अपने स्तर पर चर्चाओं के साथ आकलन भी कर रहे हैं। उधर गगरेट अपर पंचायत की यदि बात करें तो वर्तमान में महिला के लिए रिजर्व है। रोस्टर आना अभी बाकी हैं। रोस्टर आने से पहले ही गगरेट अपर के वार्ड पांच के निवासी कमल हीर ने घोषणा कर दी है कि प्रधान पद एससी के लिए आरक्षित होता है तो वह उम्मीदवार बनेंगे। बहरहाल अभी रोस्टर आने के बाद ही पता चलेगा कि ऊंट किस करवट बैठता है परंतु पंचायती राज चुनावों की सियासी लड़ाई अभी से ही शुरू हो गई है।