पहले मुकाबले में इंडोनेशिया तो दूसरे मुकाबले में एचपीसीए की टीम बनी विजेता
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। प्रदेश के दौरे पर पहुंची इंडोनेशिया की अंडर-19 महिला टीम ने शुक्रवार को पेखूबेला क्रिकेट स्टेडियम में एचपीसीए की टीम के साथ दो मुकाबले खेले। इनमें एक में हार और एक में जीत मिली। पहले मुकाबले में इंडोनेशिया की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। एचपीसीए की ओर से पहले बल्लेबाजी कर निर्धारित दस ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाए। एचपीसीए की ओर से कन्नू प्रिया ने 32 गेंदों पर 33 रनों की शानदार पारी खेली। जबकि वंशिका शर्मा ने 13 गेंदों में आठ रन बनाए। इंडोनेशिया की ओर से बारा ने दो ओवर में 15 रन देकर एक विकेट चटकाया। 59 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडोनेशिया की टीम ने मुकाबला नौ ओवर में चार विकेट खोकर अपने नाम कर लिया। इंडोनेशिया की तरफ से नंदा ने 26 गेंदों में 30 और लीसा ने नौ गैंद में 10 रनों की जिताऊ पारी खेली। एचपीसीए की तरफ से उर्वी शर्मा ने दो ओवर में 14 और पल्लवी ठाकुर ने एक ओवर में छह रन देकर एक विकेट चटकाया। दूसरे मुकाबले में इंडोनेशिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में आठ विकेट खोकर 50 रन बनाए। राधा ने 19 गेंदों में 15 और देसी ने नौ गेंदों में सात रनों की पारी खेली। एचपीसीए की तरफ से दिविशा शर्मा ने दो ओवर में दो रन चार विकेट और कुनसम गिरी ने दो आवेर में पांच रन देकर एक विकेट चटकाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एचपीसीए की टीम ने नौ ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कन्नू प्रिया ने 31 गेंदों में 33 और भूमिका ने 18 गेंदों में 16 रनों की पारी खेली और एचपीसीए की टीम को आठ विकेट से मुकाबला जिताया।